धिरौली एवं सुलियरी परियोजना के आसपास के गांवों में 158 दोपहिया चालकों को वितरित किए निःशुल्क हेलमेट
सिंगरौली, : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और ग्रामीणों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन द्वारा सरई तहसील के ग्राम आमडांड एवं भल्याटोला में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं निःशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
धिरौली एवं सुलियरी खदान के आसपास के गांवों में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय लांघाडोल पुलिस, सरई पुलिस तथा अदाणी समूह की सुरक्षा टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं अदाणी फाउंडेशन की टीम ने बताया कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। हेलमेट का उपयोग केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण उपाय है।
ग्रामीणों को वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा ट्रैफिक संकेतों एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई। साथ ही, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को कुल 158 निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। हेलमेट प्राप्त करने वाले ग्रामीणों ने नियमित रूप से हेलमेट पहनने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में लांघाडोल पुलिस थाना से महेंद्र सिंह, संपत एवं श्री खान तथा सरई पुलिस थाना से ओमकार कुशवाहा एवं शिवम पटकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अदाणी फाउंडेशन एवं अदाणी समूह की सुरक्षा टीम ने कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

अदाणी फाउंडेशन द्वारा स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग के सहयोग से समय-समय पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। इन पहलों का उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति व्यवहारिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना है। अभियान के दौरान प्रतिभागियों को संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालक की नहीं, बल्कि सड़क का उपयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि जनवरी 2026 में आयोजित 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर भी धिरौली एवं सुलियरी क्षेत्र के आसपास सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस दौरान डोंगरी से झलरी और झलरी से अमरईखोह तक दो जागरूकता रैलियां निकाली गईं, जिनमें स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। अदाणी फाउंडेशन ने आसपास के गांवों के दोपहिया चालकों को 200 निःशुल्क हेलमेट वितरित किए थे। आमजन में सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जबकि कर्मचारियों एवं श्रमिकों के लिए यातायात नियमों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा स्थानीय स्कूलों में बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।




Leave a Reply