सरई पुलिस की कार्रवाई; आरोपी पर मानव तस्करी, एनडीपीएस और खनिज चोरी समेत आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरई पुलिस ने ग्राम पोखरीटोला में कार्रवाई करते हुए किराना दुकान की आड़ में कथित रूप से अवैध शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की 51 लीटर 400 मिलीलीटर शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 26,152 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोखरीटोला निवासी ज्वाला प्रसाद साहू अपनी किराना दुकान में भारी मात्रा में शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान की घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान 101 पाव देशी प्लेन मसाला, 82 पाव देशी मदिरा प्लेन, 500 मिलीलीटर की 29 बोतल लेमाउन्ट बियर, 17 पाव गोवा विस्की और 180 मिलीलीटर की 5 पाव लंदन प्राइड बरामद की गई।पुलिस ने 46 वर्षीय ज्वाला प्रसाद साहू, पिता समरूलाल साहू, के खिलाफ थाना सरई में अपराध क्रमांक 706/2026 दर्ज करते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2018 और 2019 में अपहरण, मानव तस्करी और एससी-एसटी अधिनियम से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में अवैध खनन एवं चोरी तथा एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा वर्ष 2026 में बीएनएस की धारा 117(2), 3(5) के तहत भी प्रकरण दर्ज है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह सहित पुलिस टीम के विजय तिवारी, अनुराग मिश्रा, विजय बहादुर सिंह, लक्ष्मीकान्त साहू, शिवम पाटकर, शिवम गुर्जर, महिला आरक्षक मधु दांगी और वर्षा पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




Leave a Reply