Menu

भगवान बलराम जयंती पर किसान संगोष्ठी, किसानों को आधुनिक और जैविक खेती अपनाने पर जोर

Ad

राज्यमंत्री राधा सिंह बोलीं- किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध, योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं किसान

सिंगरौली। भगवान बलराम जयंती के अवसर पर आत्मा योजना के अंतर्गत जिला पंचायत सभागार में किसान संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय और भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह मौजूद रहे।

किसानों को भगवान बलराम जयंती और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के साथ आधुनिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।

राज्यमंत्री ने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि गौ माता को सड़कों पर खुले में नहीं छोड़ना चाहिए। गाय से दूध के साथ कृषि कार्य के लिए बैल और जैविक खेती के लिए गोबर की खाद प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आज भी कई छोटे किसान हल के माध्यम से पारंपरिक खेती कर रहे हैं और भगवान बलराम हलधर के रूप में किसानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने किसानों से श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इससे कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। संगोष्ठी में कृषि विभाग के अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और जैविक खेती के संबंध में जानकारी दी।

कार्यक्रम में उप संचालक कृषि मनोज सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जय सिंह, अरविंद दुबे, बीरेन्द्र पाठक, पार्षद सीमा जायसवाल, रिचा सिंह, संजय दुबे, उज्ज्वल तिवारी, प्रभाशु सर्राफ, अम्ब्रेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *