Menu

विंध्यनगर इंदिरा चौक पर नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, सड़क व नालियों से हटाए अवैध कब्जे

Ad

सिंगरौली। शहर में सड़क और नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को निगमायुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर निगम की टीम ने विंध्यनगर स्थित इंदिरा चौक मुख्य मार्ग चौराहे के समीप व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

सड़क व नाली सीमा से हटाया अस्थाई अतिक्रमण

कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने सड़क और नाली की जद में आने वाले सभी अस्थाई ढांचों और सामानों को हटाया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को सख्त समझाइश देते हुए कहा कि नालियों के ऊपर सामान रखकर या सड़क सीमा में दुकानें लगाकर यातायात बाधित न करें, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्वच्छता और सुगम यातायात प्राथमिकता: आयुक्त

निगमायुक्त सविता प्रधान ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे तय सीमा के भीतर ही व्यवसाय करें और सार्वजनिक स्थानों पर सामान न फैलाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।

मौके पर मौजूद रहा प्रशासनिक अमला

अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान नगर निगम उपायुक्त आर.पी. बैस, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, सहायक यंत्री दिनेश तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक पवन बरोदे, स्वच्छता पर्यवेक्षक अशोक त्रिपाठी सहित निगम के कर्मचारी और सफाई मित्र मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के अन्य चिन्हित क्षेत्रों में भी यह कार्रवाई आगे जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *