Menu

जमीन विवाद में मारपीट के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक भी पकड़ा

Ad

सिंगरौली। पुलिस चौकी शासन, थाना बैढ़न की टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे छह आरोपियों एवं एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को ग्राम पिपरा निवासी जगदीश प्रसाद बैंस ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पुराने जमीन विवाद को लेकर भगवान दास बैंस व उसके परिवार के सदस्यों ने लाठी-डंडों से मारपीट की। मामले में थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 821/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रकरण में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई।

पुलिस टीम ने 6 अगस्त को भगवान दास बैंस, विजय बैंस, प्रीतम सिंह बैंस, छोटेलाल बैंस, रामनारायण बैंस और राधा कृष्ण बैंस सहित एक विधि-विरुद्ध बालक को ग्राम पिपरा से पकड़ा। पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर ललित बैरागी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम की कार्रवाई में चौकी प्रभारी शासन बीएल बंसल सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad