Menu

22 नवंबर को विंध्यनगर में सजेगा भव्य श्याम दरबार, देश के प्रसिद्ध भजन कलाकार करेंगे बाबा का गुणगान

Ad

श्री श्याम प्रेमी मंडल के चतुर्थ वार्षिकोत्सव में छप्पन भोग, भजन संध्या और श्याम रसोई रहेगी आकर्षण का केंद्र

 सिंगरौली। श्री श्याम प्रेमी मंडल (रजि.), जिला सिंगरौली के तत्वावधान में श्री श्याम बाबा का जन्मोत्सव एवं चतुर्थ वार्षिकोत्सव 22 नवंबर 2026, रविवार को विंध्यनगर स्थित मेला ग्राउंड में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। शाम 5:15 बजे से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन में भव्य श्याम दरबार, संगीतमय भजन संध्या, छप्पन भोग और श्रद्धालुओं के लिए श्याम रसोई की व्यवस्था रहेगी।

आयोजन का मुख्य आकर्षण मथुरा के गोयल डेकोर द्वारा तैयार किया जाने वाला आकर्षक श्री श्याम बाबा का दरबार होगा। फूलों की मनमोहक सजावट और विशेष साज-सज्जा से सुसज्जित दरबार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। पूरे आयोजन को भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।

भजन संध्या में दिल्ली की ट्विंकल शर्मा, अयोध्या के श्रवण सुल्तानपुरी, रेनुकूट के कृष्णा शर्मा, छतरपुर की प्रतिमा सिंह परमार और स्थानीय भजन प्रवक्ता अनुष्का पाण्डेय अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा श्री श्याम का गुणगान करेंगे। भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होंगे।

कार्यक्रम में बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए श्री श्याम रसोई की व्यवस्था भी रहेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन्मोत्सव में शामिल होंगे।

श्री श्याम प्रेमी मंडल ने समस्त श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा श्री श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन स्थल विंध्यनगर के मेला ग्राउंड में शिवाजी कॉम्प्लेक्स के बगल में निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *