सिंगरौली। कांग्रेस कमेटी सिंगरौली शहर के जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने भाजपा सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे जनसमस्या निवारण एवं अन्य शिविरों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन शिविरों में जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल खानापूर्ति और प्रचार-प्रसार पर जोर दिया जा रहा है।
चौहान ने कहा कि जनता अब इन शिविरों की हकीकत समझ चुकी है। यही वजह है कि हाल ही में आयोजित शिविर में दस लोग भी नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले आयोजित किए जाते हैं, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिलता और जनसमस्या निवारण शिविरों के बावजूद लोगों की समस्याएं लंबित रहती हैं।
उन्होंने स्थानीय विधायक के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें कांग्रेस के 70 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाए गए थे। चौहान ने कहा कि देश और प्रदेश में बुनियादी विकास की नींव रखने में कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, घोटालों, किसानों की जमीन और आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए।

सिंगरौली की स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि नगर निगम के 45 वार्डों में कई जगह सड़क और नालियों की स्थिति खराब है। मुख्य मार्गों पर गड्ढे, जलभराव और अव्यवस्था से नागरिक परेशान हैं। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
चौहान ने विधायक से कहा कि जनता ने उन पर विश्वास जताया है, इसलिए उन्हें क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाषण और फोटो खिंचवाने से विकास नहीं होता, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करने से सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति विश्वास मजबूत होता है।




Leave a Reply