Menu

RTO की कथित अवैध वसूली के विरोध में आप का कलेक्ट्रेट घेराव

Ad

6 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट के पास धरना-प्रदर्शन, महापौर रानी अग्रवाल रहेंगी मौजूद; वाहन चालकों की समस्याओं को लेकर सौंपेंगे ज्ञापन

सिंगरौली। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और चेकपोस्टों पर कथित अवैध वसूली एवं मनमानी के विरोध में आम आदमी पार्टी की जिला इकाई ग्रामीण एवं शहर द्वारा मंगलवार, 6 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने इस आंदोलन को लेकर कलेक्ट्रेट घेराव का आह्वान किया है। आंदोलन में नगर निगम सिंगरौली की महापौर एवं आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता रानी अग्रवाल भी मौजूद रहेंगी।

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार परिवहन विभाग की कथित अवैध वसूली और उत्पीड़न से ऑटो चालकों सहित अन्य वाहन चालक परेशान हैं। इसी मुद्दे को लेकर प्रभावित वाहन चालकों और आम नागरिकों के समर्थन में पार्टी ने ‘कलेक्ट्रेट चलो’ का आह्वान किया है।

आम आदमी पार्टी नेताओं का कहना है कि आरटीओ और चेकपोस्टों पर कथित मनमानी तथा अवैध वसूली के खिलाफ पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है। पार्टी ने कहा कि वाहन चालकों की समस्याओं के समाधान और कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

पार्टी की ओर से बताया गया कि धरना-प्रदर्शन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास आयोजित होगा। इस दौरान रैली निकाली जाएगी और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से आरटीओ एवं चेकपोस्टों पर कथित अवैध वसूली और मनमानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की जाएगी।

आम आदमी पार्टी की जिला इकाई ग्रामीण एवं शहर ने जिले के वाहन चालकों और आम नागरिकों से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *