Menu

जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने मॉडल स्कूल देवसर का किया निरीक्षण

Ad

विद्यार्थियों से संवाद कर जानी पढ़ाई की स्थिति, जल्द शुरू होगी ऑनलाइन नीट कोचिंग; अनुपस्थित शिक्षिका का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

सिंगरौली। जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर गौरव बैनल ने मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं, स्मार्ट क्लास, विद्यार्थियों की उपस्थिति और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई का स्तर, विषयों में रुचि, कैरियर की आकांक्षाओं और विद्यालय से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।कलेक्टर ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति और अध्ययन व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

स्मार्ट क्लास के जरिए शुरू होगी ऑनलाइन नीट कोचिंग

विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी और कैरियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर की पहल पर जल्द ऑनलाइन नीट कोचिंग शुरू की जाएगी। स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से बाहर के अनुभवी एवं विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को विद्यार्थियों से जोड़ा जाएगा। इस पहल से देवसर के साथ चितरंगी क्षेत्र के विद्यार्थी भी लाभान्वित हो सकेंगे।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने, अपनी रुचि के अनुसार कैरियर लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासन के साथ मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान एक शिक्षिका के अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने एक दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विद्यालय के समीप अतिक्रमण की शिकायत के संबंध में तहसीलदार को जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *