Menu

मोरवा पुलिस ने खदान में हुई डकैती और चोरी का किया खुलासा, लूटी गई रायफल व बाइक सहित दो आरोपी गिरफ्तार

Ad

सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर लूटी थी 315 बोर की रायफल और केबल
कांटा मोड़ नर्सरी के पास से दबोचे गए बदमाश, जंगल से बरामद हुआ माल

मोरवा (सिंगरौली) -: खदान क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट कर बंदूक व केबल लूटने वाले गिरोह का मोरवा थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने डकैती सहित चोरी के तीन अन्य मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई .315 बोर की रायफल, 5 जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, कंडक्टर वायर, लोहे के खंभे और गार्ड का आईडी कार्ड बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गत 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे खदान में ड्यूटी कर रहे सुरक्षा गार्ड गीतम सिंह के साथ 20-25 अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की थी। बदमाश गार्ड की .315 बोर की रायफल लूटकर और लगभग 80 मीटर कॉपर केबल काटकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सिंगरौली रोशनी कुर्मी के नेतृत्व में मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह की टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि कांटा मोड़ नर्सरी के पास कुछ संदिग्ध किसी वारदात की फिराक में जुटे हैं। पुलिस ने तत्काल दबिश दी, जिसे देखकर 5-6 लोग झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन मौके से दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम ठाकुर प्रसाद साकेत उर्फ बड़कू (37 वर्ष, निवासी बडोखर) और नन्दलाल साकेत (35 वर्ष, निवासी बडोखर हाल मुकाम चटका रेलवे पुलिया) बताया। मौके से उनकी तीन मोटरसाइकिलें (UP64AP 2196, MP66ZA 4676, MP66ZE 3880) जब्त की गईं।

पूछताछ में कई वारदातों का कबूलनामा
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने 3 अगस्त को गार्ड से मारपीट कर रायफल और केबल लूटने का जुर्म स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर जंगल से लूटी गई .315 बोर की रायफल, मैगजीन, 5 राउंड कारतूस, गार्ड का आईडी कार्ड व टांगी-डंडा बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपियों ने जयंत खदान में 13 अगस्त और निगाही खदान में 27 अगस्त को कंडक्टर वायर काटने की वारदातें भी स्वीकार कीं।

कबाड़ियों पर भी जांच की आंच
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि निगाही, नवानगर, मोरवा, बैढ़न या अनपरा-शक्तिनगर के कौन से कबाड़ी चोरी का माल खरीद रहे थे, उन पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस सफलता में थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह, उनि एन.पी. तिवारी, सउनि सुनील दुबे, उमेश अग्निहोत्री, संजीत सिंह, प्र.आर. प्रवीण सिंह, कुलदीप शर्मा, आरक्षक मनीष यादव, संजीव सिंह, राकेश यादव एवं रियाज आलम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *