शिक्षक दिवस पर ISRHE के राष्ट्रीय समारोह में सामाजिक नेतृत्व व महिला सशक्तिकरण के लिए हुईं सम्मानित
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित हुआ कार्यक्रम, पंचायत क्षेत्र में हर्ष का माहौल
सिंगरौली -: चितरंगी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर की सरपंच डॉ. स्वाति सिंह को सामाजिक नेतृत्व एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘राष्ट्र रत्न सम्मान-2026’ से नवाजा गया है। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, संसद मार्ग में ISRHE संस्था द्वारा ‘राष्ट्र रत्न एवं विकसित भारत सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया था, जहां उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता, रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड पीएससी के पूर्व चेयरमैन तथा रक्षा मंत्रालय एनसीएच के सदस्य रमेश चंद्र रथ सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
डॉ. स्वाति सिंह को यह सम्मान ग्रामीण अंचल में शिक्षा के प्रसार, सामाजिक नेतृत्व और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए दिया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों और महिला सशक्तिकरण में उनकी सक्रिय भूमिका को राष्ट्रीय मंच पर विशेष सराहना मिली।
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से ग्राम पंचायत कोरसर सहित पूरे जिले में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने इसे समूचे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। सम्मान प्राप्ति पर डॉ. स्वाति सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके सामाजिक दायित्वों को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा है। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।




Leave a Reply