Menu

मेडिकल कॉलेज मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में रोपे धान

Ad

सड़क मरम्मत नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली -:  मेडिकल कॉलेज जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर हालत को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गड्ढों में धान रोपकर शासन-प्रशासन का ध्यान बदहाल सड़क की ओर आकर्षित किया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से मरीज और उनके परिजन इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल तक पहुंचने वाली सड़क का सुरक्षित और सुगम होना आवश्यक है। खराब सड़क के कारण मरीजों, एंबुलेंस, दोपहिया वाहन चालकों और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी को लेकर विरोध स्वरूप गड्ढों में धान रोपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो कांग्रेस बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी। नेताओं ने कहा कि सांकेतिक प्रदर्शन के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *