Menu

त्योहारों से पहले नगर निगम का अभियान तेज, बाजारों में अतिक्रमण हटाने के साथ व्यापारियों को दी हिदायत

Ad

सिंगरौली -:  त्योहारों के मद्देनजर शहर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और बाजारों में सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश एवं उपायुक्त स्वास्थ्य अधिकारी बालगोविंद के मार्गदर्शन में आईईसी टीम द्वारा शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान टीम द्वारा एलाउंसमेंट के माध्यम से व्यापारियों और आम नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की जा रही है। सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर दुकानें लगाकर आवागमन बाधित करने वालों को समझाइश देते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दें। वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें तथा दुकानों के आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखें। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की भी अपील की गई है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शहर की व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यापारियों और लोगों के विरुद्ध जुर्माना सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि त्योहारों के दौरान शहर में बेहतर माहौल और सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *