Menu

बरगवां पुलिस का बड़ा खुलासा: सास की जमीन हड़पने के लिए दामाद ने गमछे से घोंटा था गला, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

Ad

सिंगरौली -:  सिंगरौली जिले की बरगवां थाना पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए हत्यारे दामाद को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपनी लकवाग्रस्त सास द्वारा जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम न करने से नाराज होकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी और पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात कारणों से मौत की झूठी सूचना दर्ज कराई थी।

पुलिस को गुमराह करने की रची थी साजिश
22 अगस्त 2026 को आरोपी राजेन्द्र प्रसाद यादव (उम्र 40 वर्ष, निवासी मझिगवां, थाना बरगवां) ने थाने में सूचना दी कि उसके साथ रह रही सास भानमती यादव (उम्र 52 वर्ष, निवासी जरहा, थाना माड़ा) की अज्ञात कारणों से मौत हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टरों द्वारा मौत को संदिग्ध बताए जाने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

जमीन नाम न करने पर की हत्या
पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा एसडीओपी रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरगवां अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जब भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दामाद राजेन्द्र यादव से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि राजेन्द्र की पहली पत्नी की मौत के बाद उसने वर्ष 2025 में जरहा निवासी सोनमती यादव से प्रेम संबंध के चलते विवाह किया था। सास भानमती का कोई अन्य वारिस न होने के कारण वह अपनी बेटी सोनमती और दामाद के साथ ही मझिगवां में रह रही थी। करीब 4–5 वर्ष पूर्व भानमती को लकवा मार गया था, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ थी। आरोपी राजेन्द्र अपनी सास पर जमीन अपने नाम रजिस्ट्री कराने का लगातार दबाव बना रहा था, लेकिन भानमती मना कर देती थी। इसी रंजिश के चलते 21-22 अगस्त की दरमियानी रात घर में अकेला पाकर आरोपी ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 578/2026, धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर घटना में प्रयुक्त गमछा जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल बैढ़न भेज दिया गया।
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, उनि सूरज सिंह, उनि श्यामबिहारी द्विवेदी, प्र.आर. रामनिवास यादव, प्र.आर. राजबहोर रावत, प्र.आर. विपिन तोमर एवं आरक्षक महेश पटेल की प्रमुख भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *