Menu

विधायक रामनिवास शाह के सरकारी आवास के बाहर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, तीन कर्मचारी पाइप से धोते दिखे निजी वाहन

Ad

फायर ब्रिगेड से विधायक की कार की धुलाई! सिंगरौली में सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल पर उठे सवाल

सिंगरौली। जिले में सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक रामनिवास शाह के बिलौंजी स्थित सरकारी आवास के बाहर उनके निजी वाहन को फायर ब्रिगेड के पाइप से धोते हुए दिखाया गया है।

वीडियो में फायर ब्रिगेड के तीन कर्मचारी पाइप के जरिए विधायक की इनोवा कार पर पानी डालते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि फायर ब्रिगेड वाहन को सरकारी आवास के बाहर खड़ा कर कर्मचारियों द्वारा निजी वाहन की धुलाई की जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

लोगों ने सरकारी संसाधनों के इस तरह इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि आगजनी और आपातकालीन परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाले फायर ब्रिगेड वाहन का उपयोग किसी निजी वाहन की धुलाई के लिए करना कितना उचित है। लोगों का कहना है कि शासकीय वाहनों और कर्मचारियों का इस्तेमाल निर्धारित सरकारी कार्यों के लिए ही होना चाहिए।

मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वाहन की धुलाई किसके निर्देश पर की जा रही थी। अब लोगों की नजर संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर है कि वीडियो सामने आने के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *