Menu

सिंगरौली की समस्याओं को लेकर कलेक्टर को सौंपा मांग पत्र, सड़क से रोजगार और स्वास्थ्य तक उठे 9 प्रमुख मुद्दे

Ad

सिंगरौली -:  जिले की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर छात्रों ने कलेक्टर श्री गौरव बैनल को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में सड़क एवं सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, विस्थापन, प्रदूषण, खेल सुविधाओं और ग्रामीण परिवहन सहित कुल 9 प्रमुख मुद्दों को उठाया गया है।

छात्रों ने कोयला एवं राखड़ परिवहन को लेकर सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक लागू प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने तथा एक वर्ष के भीतर कन्वेयर बेल्ट या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। खराब सड़कों के तत्काल सुधार, प्रमुख मार्गों पर पार्किंग व सर्विस लेन, बाईपास और फ्लाईओवर निर्माण के साथ NH-39 का निर्माण एक वर्ष में पूरा कराने की मांग भी रखी गई।

स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर ट्रामा सेंटर में निजी क्लीनिकों पर रोक, साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, ग्रामीण क्षेत्रों में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने और मरीजों व परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की गई।

शिक्षा के क्षेत्र में महाविद्यालयों की समस्याओं के समाधान, जिले में विश्वविद्यालय खोलने, जर्जर स्कूल एवं छात्रावास भवनों की मरम्मत तथा सिंगरौली में रिसर्च लैब स्थापित करने की मांग उठाई गई।
रोजगार के लिए आउटसोर्स कंपनियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, रोजगार कार्यालय को प्रभावी बनाने और रोजगार की जानकारी के लिए वेबसाइट शुरू करने की मांग की गई। NCL भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की SIT या CBI से जांच कराने की मांग भी शामिल है।

इसके अलावा विस्थापन में उचित पुनर्वास, प्रदूषण नियंत्रण, बड़े स्तर पर वृक्षारोपण, खेल सुविधाओं के विकास और सरकारी यात्री बसों का संचालन शुरू करने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad