सिंगरौली -: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया जाएगा। समारोह में मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी।
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह परेड का निरीक्षण करेंगी तथा संयुक्त परेड की सलामी लेंगी। इसके पश्चात जिला पुलिस बल, होमगार्ड के जवानों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा।
समारोह में विभिन्न स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से सराबोर नजर आएगा।
स्वतंत्रता दिवस पर राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह करेंगी ध्वजारोहण, लेंगी परेड की सलामी




Leave a Reply