Menu

वार्ड 40 में बारिश से धंसी जमीन, बोरिंग के ऊपर बना खतरनाक गड्ढा, हादसे की आशंका

Ad

नगर निगम आयुक्त ने तत्काल बोरिंग दुरुस्त कराने के दिए निर्देश, स्थानीय लोगों ने बैरिकेडिंग की मांग की

सिंगरौली -: नगर निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 40 में शिवधाम मंदिर के पास 4R पार्क के सामने बारिश के बाद बोरिंग के आसपास की जमीन धंसने से बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया है। बोरिंग के ऊपर सीमेंट की पतली परत होने के कारण जमीन के अंदर बने गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल है। इससे यहां किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

सुबह टहलने पहुंचे लोगों की पड़ी नजर

बुधवार सुबह पार्क में टहलने पहुंचे लोगों की नजर धंसी हुई जमीन पर पड़ी। लोगों ने मौके के फोटो और वीडियो बनाकर नगर निगम प्रशासन को भेजे। स्थानीय निवासी राजकुमार पांडेय ने बताया कि इस रास्ते से सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। ऐसे में खुले गड्ढे में राहगीर, बच्चे या दोपहिया वाहन के गिरने का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जमीन के और धंसने की आशंका है। यदि समय रहते बोरिंग को सुरक्षित तरीके से बंद नहीं किया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

आयुक्त ने कहा- आज ही कराएंगे सुधार कार्य

मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने बुधवार को ही बोरिंग को दुरुस्त कराने की बात कही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बोरिंग को सुरक्षित तरीके से बंद कराने के साथ ही उसके आसपास तत्काल बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि किसी व्यक्ति के गड्ढे में गिरने की संभावना न रहे।
बारिश के मौसम में जमीन धंसने की घटनाओं को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad