Menu

मध्यप्रदेश में बस किराया हुआ महंगा, परिवहन विभाग ने जारी किया नया किराया चार्ट

Ad

जनरल स्टेज कैरिज बसों में अब प्रति किलोमीटर ₹2 किराया, न्यूनतम किराया ₹10 निर्धारित

सिंगरौली- मध्यप्रदेश परिवहन विभाग ने साधारण बसों (जनरल स्टेज कैरिज) के लिए नया किराया चार्ट जारी कर दिया है। मध्यप्रदेश राजपत्र में 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार अब यात्रियों को बस यात्रा के लिए बढ़ा हुआ किराया देना होगा।

नए किराया नियम के तहत जनरल स्टेज कैरिज बसों में प्रति यात्री प्रति किलोमीटर ₹2 किराया निर्धारित किया गया है। वहीं यात्रियों के लिए न्यूनतम किराया ₹10 तय किया गया है। यह किराया व्यवस्था सामान्य स्टेज कैरिज बसों पर लागू होगी, जबकि शहर की सिटी बस सेवाओं पर यह दर लागू नहीं होगी।

परिवहन विभाग द्वारा जारी किराया तालिका के अनुसार 1 से 5 किलोमीटर तक यात्रा का किराया ₹10 रहेगा। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर पर ₹2 की दर से किराया बढ़ेगा। उदाहरण के तौर पर 10 किलोमीटर दूरी का किराया ₹20, 50 किलोमीटर का ₹100, 100 किलोमीटर का ₹200 तथा 200 किलोमीटर की यात्रा का किराया ₹400 निर्धारित किया गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि 6 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए प्रत्येक अतिरिक्त किलोमीटर पर निर्धारित दर के अनुसार किराया लिया जाएगा। नए किराया चार्ट के लागू होने से प्रदेश में लंबी दूरी की बस यात्राएं अब यात्रियों की जेब पर पहले की तुलना में अधिक भार डालेंगी। परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को निर्धारित किराया सूची के अनुसार ही किराया वसूलने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad