Menu

9-10 लोगों के गिरोह ने स्क्रैप यार्ड में घुसने की कोशिश की, सुरक्षा कर्मियों पर किया पथराव

Ad

निगाही रीजनल स्टोर में आधी रात धावा, हवाई फायरिंग से भागे बदमाश; एक पकड़ा गया

सिंगरौली। एनसीएल निगाही परियोजना के रीजनल स्टोर में 7 अगस्त की दरमियानी रात करीब 3 बजे चोरी की नीयत से 9-10 बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने स्क्रैप यार्ड में घुसने का प्रयास किया और सुरक्षा कर्मियों पर पथराव किया। सूचना मिलते ही सुरक्षा गश्ती दल मौके पर पहुंचा।

हालात बिगड़ते देख स्क्रैप यार्ड में तैनात सुरक्षा कर्मी ने दो राउंड हवाई फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनते ही अधिकांश बदमाश मौके से भाग निकले। इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों ने एक युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान संतोष कुमार पटेल के रूप में हुई है।

गश्ती कमांडर सनातन ठाकुर ने घटना की जानकारी सुरक्षा अधिकारियों को दी। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपने साथ करीब 9-10 अन्य लोगों के होने की जानकारी दी। बताया गया कि गिरोह के कुछ सदस्य रीजनल स्टोर के गेट के बाहर निगरानी कर रहे थे और सुरक्षा कर्मियों पर पथराव कर रहे थे।

घटना की सूचना नवानगर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पकड़े गए युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

लगातार घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

निगाही परियोजना में चोरी और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कुछ दिन पहले भी एक सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर कारतूस, टॉर्च, छाता और करीब 500 रुपये नकद ले जाने का मामला सामने आया था। लगातार घटनाओं से रात में ड्यूटी करने वाले सुरक्षा कर्मियों में भी चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad