विधायक रामनिवास शाह ने किया आगाज, कलेक्टर ने शत-प्रतिशत हितग्राहियों को लाभ दिलाने दिए निर्देश
सिंगरौली। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ अटल सुशासन भवन खम्हरिया में किया गया। अभियान का शुभारंभ सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामनिवास शाह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर गौरव बैनल ने की।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के माध्यम से अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ जनसमस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए तथा आमजन से अभियान का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कलेक्टर गौरव बैनल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार-समग्र ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता से निराकृत करने को कहा। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बनाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, न्यायालयीन प्रकरणों एवं लंबित नकल मामलों का अभियान के दौरान निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि अभियान के दौरान अधिकारी आमजन से लगातार संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वयं भी नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. ने भी आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, पूर्व विधायक सुभाष बर्मा, एसडीएम सुरेश जाधव, नंदन तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




Leave a Reply