कक्षा 6वीं और 9वीं के विद्यार्थियों को मिली सौगात, बोले- शिक्षा से ही सशक्त होगा समाज
सिंगरौली। शासकीय हाई स्कूल शासन में आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने सहभागिता करते हुए मध्यप्रदेश शासन की छात्र कल्याणकारी योजना के अंतर्गत कक्षा 6वीं एवं 9वीं के छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि शासन की यह योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा की राह को आसान बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वे नियमित रूप से शिक्षा से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित ऐसी योजनाएं विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं। विधायक ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन एवं संस्कारों का पालन करने, माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी और उत्साह इस योजना की सफलता का प्रमाण है। ये साइकिलें उनके शिक्षा के सफर को सरल, सुरक्षित और सुगम बनाने के साथ उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा वरिष्ठ नेता नरेश शाह, अरविंद दुबे, जनपद पंचायत सदस्य किरन शाह, पूर्व सरपंच भगवानदास शाह, पूर्व सैनिक राजेंद्र शाह, विद्यालय प्राचार्य विजय शाह, शिक्षक रामसिया गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




Leave a Reply