Menu

जर्जर बिजली व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ट्रांसफार्मर के पास मृत मवेशी मिलने के बाद प्रदर्शन

Ad

सिंगरौली -: सिंगरौली जिले के चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी-2 में खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जर्जर ट्रांसफार्मर, खराब केबल और बार-बार बिजली बाधित होने से परेशान ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के पास पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि अचानक बिजली आने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक मवेशी की मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से बिजली आपूर्ति व्यवस्था खराब बनी हुई है। बार-बार फॉल्ट, ओवरलोड और केबल खराब होने के कारण घंटों बिजली बंद रहती है। इससे घरों के कामकाज, खेती-किसानी और दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों ने खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए ट्रांसफार्मर बदलने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने बिजली विभाग से जर्जर उपकरणों की जांच कर तत्काल सुधार कार्य कराने की मांग की है।

विभाग ने कहा- ट्रांसफार्मर नहीं, केबल में थी खराबी
चितरंगी विद्युत वितरण कंपनी के प्रभारी विवेक सिंह चौहान ने बताया कि समस्या ट्रांसफार्मर में नहीं थी, बल्कि खराब केबल के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विभाग द्वारा नई केबल भेज दी गई है और उसे बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ट्रांसफार्मर को पीटने वाला वीडियो संबंधित स्थान का नहीं है। हालांकि उन्होंने माना कि केबल खराब होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसका समाधान किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत व्यवस्था की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad