सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर लगा अंकुश, पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिंगरौली -: एनसीएल जयंत परियोजना के सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सुरक्षा विभाग और पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का लोहे का कबाड़, एंगल, रोलर सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार जयंत परियोजना के सीएचपी क्षेत्र में लंबे समय से लोहे की सामग्री चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एनसीएल सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष निगरानी और खोजबीन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा टीम को सूचना मिली कि सीएचपी क्षेत्र के पास रेलवे पटरी किनारे रहने वाले राधे सोनी के घर में चोरी का भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ रखा हुआ है।
सूचना मिलने पर सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल जयंत पुलिस चौकी को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संदिग्ध के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की। इसके बाद 5 अगस्त को जयंत पुलिस ने दबिश देकर आरोपी राधे सोनी को गिरफ्तार कर लिया।
घर से बरामद हुई चोरी की सामग्री
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से सीएचपी क्षेत्र से चोरी की गई लोहे की सामग्री बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर चौकी में जमा कराया है। पुलिस आरोपी से चोरी की अन्य घटनाओं और इसमें शामिल संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए एनसीएल सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी थी, जिसके परिणामस्वरूप यह कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस और सुरक्षा विभाग अब इस मामले में चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रहे हैं।
इस कार्रवाई से एनसीएल परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों और अधिकारियों में राहत की भावना है। सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि परियोजना क्षेत्र में चोरी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




Leave a Reply