सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत में वर्षों बाद कोल एम्प्लॉई नर्सेस एसोसिएशन की नई इकाई का गठन किया गया। चिकित्सालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। इस अवसर पर एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं के स्वास्थ्य केंद्रों तथा नेहरू शताब्दी चिकित्सालय की बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ ने भाग लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य व्यवस्था में डॉक्टरों के साथ नर्सों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। मरीज के भर्ती होने से लेकर स्वस्थ होकर घर लौटने तक नर्सें निरंतर सेवा, देखभाल और मनोबल बढ़ाने का कार्य करती हैं। आपातकालीन सेवाओं, आईसीयू प्रबंधन, वेंटिलेटर संचालन और रोगियों की सतत निगरानी में उनका योगदान स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माना जाता है।
इस दौरान एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रेमकला सिस्टर को अध्यक्ष (संरक्षक), सी.पी. बैरवा को सचिव, राजवीर सिंह को कोषाध्यक्ष, रेखा सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, पद्मा सिस्टर एवं भुवनेश मुद्गल को उपाध्यक्ष तथा रमेश गनेस को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं अंकिता को सदस्यता सचिव बनाया गया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने नर्सिंग कर्मचारियों के हितों की रक्षा, कार्यस्थल की समस्याओं के समाधान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ हुआ।




Leave a Reply