अपना दल (एस) ने जारी की 23 जिलाध्यक्षों की सूची, समर्थकों में खुशी की लहर
सिंगरौली। अपना दल (एस) मध्य प्रदेश इकाई द्वारा जारी की गई 23 जिलाध्यक्षों की पहली सूची में सिंगरौली जिले से एक बार फिर त्रिलोकी सिंह को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व द्वारा दोबारा भरोसा जताए जाने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। उनके पुनर्नियुक्त होने की जानकारी सामने आते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया।
जारी सूची के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसमें सिंगरौली जिले की कमान पुनः त्रिलोकी सिंह को सौंपी गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।
त्रिलोकी सिंह के पुनर्नियुक्त होने पर जिले भर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कई कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने की रणनीति तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर त्रिलोकी सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।पार्टी की नई नियुक्तियों को लेकर जिले में राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।






