Menu

सिंगरौली के तीनों ब्लॉकों में जनविश्वास शिविर, ग्रामीणों को मौके पर मिलीं सरकारी सेवाएं

Ad

करदा में प्रभारी मंत्री संपतिया उइके, चितरंगी में राज्यमंत्री राधा सिंह और बैढ़न में विधायक रामनिवास शाह रहे मुख्य अतिथि; आयुष्मान कार्ड, आधार सुधार और स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा

सिंगरौली। मुख्यमंत्री जनविश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के तहत सिंगरौली जिले के देवसर, चितरंगी और बैढ़न ब्लॉक में जनविश्वास शिविर आयोजित किए गए। देवसर जनपद की ग्राम पंचायत करदा में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि रहीं। चितरंगी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह तथा बैढ़न में विधायक रामनिवास शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। मौके पर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, आधार संबंधी सुधार किए गए तथा ग्रामीणों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।

समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण

जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों ने पेंशन, राशन कार्ड, सीमांकन, पट्टा, आवास सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री संपतिया उइके ने करदा में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और मरीजों से चर्चा कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

हितग्राहियों को बांटे गए हितलाभ

शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत कुदवार निवासी मोतीलाल सिंह, गुलबिया बैगा, परसोहर निवासी जगत सिंह गौंड और जयमनिया केवट को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया गया। करदा निवासी वंश बहादुर सिंह और शिवनारायण सिंह के आयुष्मान कार्ड स्वीकृत किए गए।

मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत धौहनी निवासी तेजभान सिंह को पत्नी अन्ती सिंह की मृत्यु पर 4 लाख रुपये तथा कुदवार निवासी बिहारी बैगा को पत्नी लल्ली बैगा की मृत्यु पर 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं प्राकृतिक आपदा राहत के तहत करदा निवासी चित्रसेन सिंह गौंड को सर्पदंश की घटना में 4 लाख रुपये की राहत राशि दी गई।

शिविर में कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी, खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *