अभिलेखों में अपूर्णता मिलने पर जताई नाराजगी, जल्द पूरा कर प्रस्तुत करने के दिए सख्त निर्देश
सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने बरका पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था और संधारित अभिलेखों का जायजा लिया तथा विभिन्न दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुछ दस्तावेज और अभिलेख अपूर्ण पाए गए। इस पर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को सभी लंबित पूर्तियां शीघ्र पूरी कर नियमानुसार प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखों के संधारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एसपी ने कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली में अभिलेखों का व्यवस्थित, अद्यतन और समयबद्ध संधारण महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी से निर्वहन करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेजों को पूर्ण एवं अद्यतन रखें।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौकी में पदस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए कर्तव्य के प्रति सजग, अनुशासित और समर्पित रहकर जनसेवा को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी की समग्र व्यवस्था का जायजा लेते हुए अनुशासन, जवाबदेही, सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




Leave a Reply