सिंगरौली,। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान अदाणी फाउंडेशन, बंधौरा द्वारा जीर पंचायत की 30 महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। जिला कलेक्टर श्री गौरव बेनल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे ने लाभार्थी महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान कीं।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें स्थायी आजीविका एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है। सिलाई मशीन मिलने के बाद महिलाएं घर से ही सिलाई कार्य कर अपनी आय बढ़ा सकेंगी तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
महिला सशक्तिकरण की इस पहल के तहत आरसेटी (RSETI) द्वारा लाभार्थी महिलाओं को 13 दिवसीय प्रारंभिक सिलाई प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद अदाणी फाउंडेशन की टीम द्वारा उन्हें उन्नत प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन तथा नियमित हैंडहोल्डिंग सहयोग प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे अपने कौशल को बेहतर बनाकर स्वरोजगार के माध्यम से स्थायी आय अर्जित कर सकें। यह कार्यक्रम आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों (SHGs) एवं ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से संचालित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी के बिना ग्रामीण विकास की कल्पना अधूरी है। ऐसे प्रयास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज में उनकी पहचान और सम्मान को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में अदाणी फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए इसे जिले के समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, पर्यावरण एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है। सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को कौशल आधारित रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके परिवारों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।
लाभार्थी महिलाओं ने अदाणी फाउंडेशन, जिला प्रशासन, आरसेटी एवं आजीविका मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए रोजगार का नया अवसर लेकर आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण एवं सिलाई मशीनों की सहायता से वे स्वयं का कार्य प्रारंभ कर परिवार की आय बढ़ाने में सक्षम होंगी।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री गौरव बेनल, जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश गोमे, अदाणी फाउंडेशन के श्री मनोज प्रभाकर, बैंक ऑफ इंडिया के एलडीएम श्री रंजीत कुमार, डीपीएम श्री मंगलेश्वर सिंह, आरसेटी की प्रतिनिधि श्रीमती निशा द्विवेदी, आजीविका मिशन के प्रतिनिधिगण तथा स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं सतत आजीविका की शुभकामनाओं के साथ हुआ। अदाणी फाउंडेशन ने भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास के लिए ऐसी पहलें निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।






