दुर्गम पहाड़ी के बीच स्थित उतानीपाठ गांव में अदाणी फाउंडेशन द्वारा पेय जल एवं अन्य सुविधाओं का होगा विकास

By: राजेश कुमार सिंह

On: Saturday, May 16, 2026 2:02 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

रीवा संभाग आयुक्त एवं जिला कलेक्टर ने जन संवाद कार्यक्रम के जरिये ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए किया प्रेरित

सिंगरौली, 15 मई 2026: रीवा संभाग आयुक्त बीएस जामोद एवं सिंगरौली जिला कलेक्टर श्री गौरव बैनल गुरुवार को ग्रामीण विकास, जल संरक्षण एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं की स्थिति का जायजा लेने सरई तहसील अंतर्गत दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित आदिवासी बहुल गांव उतानीपाठ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक सुविधाओं को लेकर सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में अदाणी समूह की ओर से चीफ ऑफ क्लस्टर कर्नल केहर सिंह एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने गांव के समग्र विकास एवं स्थानीय लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान आयोजित “जन चौपाल” में रीवा संभाग आयुक्त श्री बीएस जामोद ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए ‘जल रोको अभियान’ एवं ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ में सक्रिय जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

प्रशासन द्वारा उतानीपाठ गांव में अदाणी समूह को सीएसआर मद के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों को पोषण किट उपलब्ध कराने, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य हेतु जल व्यवस्था करने तथा प्रत्येक घर में सोलर ऑफ-ग्रिड सिस्टम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। फाउंडेशन द्वारा इन निर्देशों पर तत्काल प्रभाव से अमल शुरू कर दिया गया है।

उतानीपाठ गांव में आयोजित शासकीय मेडिकल कैंप के दौरान अदाणी फाउंडेशन की ओर से महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों को निःशुल्क पोषण किट वितरित किए गए तथा उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन द्वारा आदिवासी बहुल उतानीपाठ गांव में जल संरक्षण एवं जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से दो तालाबों के नवीनीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही गांव के 32 परिवारों के 187 लोगों को निःशुल्क सोलर ऑफ-ग्रिड सिस्टम उपलब्ध कराया गया है, जिससे अब उन्हें अंधेरे में जीवन यापन नहीं करना पड़ेगा। इस प्रणाली में 1 किलोवॉट का सोलर पैनल, दो इन्वर्टर बैटरियां, तीन एलईडी बल्ब एवं एक टेबल फैन शामिल हैं।

अदाणी फाउंडेशन ने चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उतानीपाठ गांव को समग्र विकास के लिए चयनित किया है। उल्लेखनीय है कि पड़ोसी बस्ती बासी को भी फाउंडेशन द्वारा गोद लिया गया है, जहां बैगा समुदाय के सभी 23 परिवारों तक ऑफ-ग्रिड सोलर प्रणाली के माध्यम से बिजली पहुंचाई जा चुकी है।

गौरतलब है कि जिले में संचालित ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत सरई, माड़ा एवं बरगवां तहसील के विभिन्न गांवों में अदाणी फाउंडेशन द्वारा जल संरक्षण की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के सुझावानुसार फाउंडेशन ने स्थानीय किसानों एवं ग्रामीण समुदाय को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 25 नए तालाबों के निर्माण एवं पुराने जलाशयों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।

अदाणी फाउंडेशन पहले से ही क्षेत्र में ग्रामीण एवं वंचित समुदायों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय है तथा अब तक कई स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है।

For Feedback - editor@udnews.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now