सिंगरौली के कलेक्टर एवं एसपी ने सैनिक स्कूल भ्रमण पर जा रहे छात्रों से संवाद कर किया उत्साहवर्धन
सिंगरौली, 07 अप्रैल 2026:
अदाणी फाउंडेशन की पहल पर सरई तहसील अंतर्गत खनुआ स्थित डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों का सैनिक स्कूल, रीवा का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस अवसर पर भ्रमण पर जा रहे छात्र-छात्राओं से सिंगरौली कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण में कक्षा चौथी से आठवीं तक के कुल 30 विद्यार्थियों को सैनिक स्कूल, रीवा में अध्ययनरत छात्रों एवं शिक्षकों से प्रत्यक्ष संवाद का अवसर प्राप्त हुआ। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सैनिक स्कूल के अनुशासित एवं प्रेरक वातावरण को नजदीक से देखा और समझा। इस अनुभव के माध्यम से बच्चों को कड़ी मेहनत, शारीरिक फिटनेस, टीमवर्क, आत्मविश्वास और समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों का व्यावहारिक ज्ञान मिला।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा सैनिक जीवनशैली से परिचित कराना है। उल्लेखनीय है कि एपीएमडीसी द्वारा संचालित खनुआ स्थित डीएवी स्कूल में सुलियरी परियोजना से विस्थापित परिवारों के बच्चे अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ग्रामीण परिवेश से आने वाले इन बच्चों के लिए प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन करने के सपने को साकार करने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम है। सैनिक स्कूल के छात्रों एवं शिक्षकों से संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा की तैयारी तथा भारतीय थल सेना, नौसेना एवं वायु सेना में अधिकारी बनने की प्रेरणा मिलेगी। इसके साथ ही, सैनिक स्कूल में कक्षा छठी एवं नवमीं के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी हेतु अदाणी फाउंडेशन द्वारा चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में संवाद के दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण उन्हें सैनिक स्कूल की अनुशासन व्यवस्था, देशभक्ति की भावना और सैन्य जीवन को करीब से समझने का अवसर देगा। उन्होंने बताया कि छात्र सैनिक स्कूल की दिनचर्या, अध्ययन पद्धति तथा खेलकूद, घुड़सवारी और बाधा दौड़ जैसी विभिन्न प्रशिक्षण सुविधाओं को भी देख सकेंगे। पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होगा और उन्हें लक्ष्य निर्धारण की स्पष्ट दिशा प्रदान करेगा। दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डीएवी स्कूल खनुआ के शिक्षक, एपीएमडीसी के जनरल मैनेजर श्री भ्रमर सिंह, अदाणी समूह की ओर से चीफ ऑफ क्लस्टर (सेवानिवृत्त) कर्नल केहर सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल आशीष द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि सैनिक स्कूल का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक अनुशासित और देशभक्ति से ओतप्रोत अनुभव होता है, जो उन्हें भारतीय सशस्त्र बलों की जीवनशैली से परिचित कराता है। इस दौरान छात्रावास, मेस, शैक्षणिक भवनों और अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का अवलोकन करने के साथ-साथ छात्र-कैडेटों एवं शिक्षकों से संवाद कर सैनिक स्कूल की प्रवेश प्रक्रिया और कैडेट जीवन के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं। यह भ्रमण न केवल ज्ञानवर्धक है, बल्कि विद्यार्थियों के मन में भारतीय सेना के प्रति सम्मान, प्रेरणा और राष्ट्रसेवा की भावना को भी सुदृढ़ करता है।
