SINGRAULI : जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों को अब बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। राज्य शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर गौरव बैनल ने जिले में जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब हर मंगलवार को विकासखंड स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जबकि जिला मुख्यालय सिंगरौली में होने वाली जनसुनवाई यथावत जारी रहेगी।
कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय जनसुनवाई में बड़ी संख्या में दूर-दराज के ग्रामीण आवेदन लेकर पहुंचते हैं, जबकि कई मामलों का त्वरित समाधान विकासखंड स्तर पर ही संभव होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उपखंड चितरंगी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय सभागार, देवसर में मंगल भवन जनपद कार्यालय तथा माड़ा में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय सभागार में प्रत्येक मंगलवार प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
जनसुनवाई की अध्यक्षता संबंधित एसडीएम करेंगे, जिसमें विकासखंड स्तर के सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। माड़ा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के एडीओ, पीसीओ सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। जिन मामलों में समय लगना स्वाभाविक होगा, उनमें निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई जारी रहने के कारण विकासखंड सिंगरौली में अलग से जनसुनवाई आयोजित नहीं की जाएगी।






