नगर निगम परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला, जुड़वा तालाब पार्क का नाम होगा ‘महाराणा प्रताप सरोवर’; सीएनडी वेस्ट की जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की परिषद के दूसरे दिवस की बैठक नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और नगरीय व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। परिषद ने 2 साल से जर्जर हालत के कारण बंद पड़े गनियारी शॉपिंग प्लाजा को गिराकर उसके स्थान पर नया प्लाजा बनाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इसके साथ ही जुड़वा तालाब पार्क का नाम बदलकर ‘महाराणा प्रताप सरोवर’ करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान तथा मेयर-इन-काउंसिल के सदस्य सहित परिषद के पार्षद और अधिकारी उपस्थित रहे।
जर्जर प्लाजा की जगह बनेगा नया व्यावसायिक परिसर
गनियारी शॉपिंग प्लाजा लंबे समय से जर्जर हालत में होने के कारण बंद पड़ा है। इससे क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। नागरिकों की सुविधा और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए परिषद ने पुराने प्लाजा को गिराकर नया प्लाजा बनाने का निर्णय लिया। नए प्लाजा के निर्माण से क्षेत्र में व्यावसायिक सुविधाओं के विस्तार और नगरीय गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जुड़वा तालाब पार्क को मिलेगी नई पहचान
परिषद ने जुड़वा तालाब पार्क का नाम ‘महाराणा प्रताप सरोवर’ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इस निर्णय के बाद पार्क को नई पहचान मिलेगी। नामकरण के माध्यम से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की स्मृति को सम्मान देने की पहल की गई है।
कचनी सामुदायिक भवन का प्रस्ताव खारिज
बैठक में सामुदायिक भवन कचनी का संचालन समिति को सौंपने संबंधी प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। वहीं, हर्रई आवासीय योजना के रिक्त भूखंडों सहित नगरीय क्षेत्र में खाली पड़े भूखंडों की विस्तृत जानकारी अगली परिषद की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएनडी वेस्ट) के मामले में समिति गठित कर विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया गया। जांच पूरी होने के बाद अगली परिषद की बैठक में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
समन्वय से विकास कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर
नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने कहा कि परिषद का उद्देश्य शहर का समग्र विकास करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गनियारी शॉपिंग प्लाजा के नए निर्माण से क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबकि जुड़वा तालाब पार्क का नया नाम शहर को अलग पहचान देगा। उन्होंने पार्षदों और अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा करने का आग्रह किया।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष सीमा जायसवाल सहित विभिन्न पार्षद, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, कार्यपालन यंत्री अरविंद मडराई तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में नगर निगम अध्यक्ष ने परिषद की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की।




Leave a Reply