सिंगरौली (सरई) -: जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत चमारीडोल में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिवार को स्कूल से लौटते समय 11वीं कक्षा की एक छात्रा की नाले के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। रविवार को तलाशी अभियान के दौरान छात्रा का शव नाले में फंसा हुआ बरामद किया गया। इस घटना के बाद बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान प्रियंका प्रजापति के रूप में हुई है, जो सरई के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी और समित कुमार प्रजापति की बेटी थी। शनिवार को वह स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद वापस घर नहीं पहुंची। जब शाम तक प्रियंका घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने सरई थाने पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर रात भर आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका।
रविवार सुबह जब फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, तो चमारीडोल के नाले में छात्रा का शव फंसा हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
बताया जा रहा है कि छात्रा प्रियंका को घर पहुंचने के लिए हर दिन इस नाले को पार करना पड़ता था। शनिवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मस्कुले ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला पूरी तरह से हादसे का लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि नाला पार करते समय तेज बहाव में बहने से यह दुखद दुर्घटना हुई।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि यहां पक्की सड़क और आवागमन के लिए सुरक्षित रास्ता होता, तो आज इस मासूम छात्रा की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
स्कूल से लौट रही 11वीं की छात्रा उफनते नाले में बही, 24 घंटे बाद मिला शव; पक्के रास्ते की कमी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा




Leave a Reply