Menu

कंचन ज्वेलर्स डकैती का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Ad

छह घंटे में पुलिस को मिली सफलता, सोना-चांदी, नकदी, दो बाइक और हथियार बरामद; फरार आरोपियों की तलाश जारी

सिंगरौली -: जयंत चौकी क्षेत्र के कंचन ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रीवा आईजी गौरव सिंह राजपूत ने सिंगरौली पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार वारदात में अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य शामिल थे। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, दो मोटरसाइकिल और हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हथियारबंद बदमाश दाखिल हुए। विरोध करने पर दुकान संचालक के सिर पर कट्टे की बट से हमला किया गया, जबकि कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को गोली लगने से वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सीमावर्ती राज्यों की पुलिस को अलर्ट किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को संदिग्धों के अनपरा की ओर जाने की जानकारी मिली। पीछा करने के दौरान दो आरोपी मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान लकी कुमार पासवान और अनुराग कुमार चंद्रवंशी, दोनों निवासी झारखंड, के रूप में हुई। उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से सोनभद्र निवासी रोशन कुमार को भी पकड़ा गया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार अब तक करीब 200.7 ग्राम सोने के आभूषण, 205.410 ग्राम चांदी के आभूषण, 1 लाख 4 हजार 200 रुपये नकद, दो अपाचे मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, दो कट्टे और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। फरार आरोपियों और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर भेजी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *