Menu

गर्म टायर खोलते समय भीषण ब्लास्ट, चालक की मौत

Ad

गर्म टायर खोलते समय भीषण ब्लास्ट, चालक की मौत
पचौर में पंचर की दुकान पर हादसा, दो लोग गंभीर घायल; सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सिंगरौली -:  बरगवां थाना क्षेत्र के पचौर गांव में रविवार रात पंचर की दुकान पर ट्रक का गर्म टायर खोलने के दौरान हुए भीषण ब्लास्ट में चालक की मौत हो गई। हादसे में पास खड़े दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार पचौर निवासी अनिल कुमार साहू पिता कृपानाथ साहू कोयला परिवहन में लगे हाइवा वाहन को लेकर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे वाहन का एक टायर पंचर होने पर उन्होंने पचौर स्थित पंचर की दुकान पर गाड़ी खड़ी की। टायर खोलने के दौरान पास वाला टायर काफी गर्म था। चालक और मैकेनिक ने गर्म टायर को खोलने का प्रयास किया। इसी दौरान टायर से धुआं निकलने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुआं निकलने के बावजूद टायर खोलने का काम जारी रहा। कुछ ही देर बाद अचानक तेज धमाके के साथ टायर फट गया। ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक पैर शरीर से अलग हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के दौरान मौके पर खड़े दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे पचौर में कोयला परिवहन वाहन का गर्म टायर फटने से हादसा हुआ। चालक की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *