8 किलो 200 ग्राम वजनी गांजे के पौधों की कीमत करीब 1.20 लाख रुपये
सिंगरौली -: जिले में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए सिंगरौली पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी चितरंगी ललित बैरागी के मार्गदर्शन में थाना चितरंगी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने घर की बाउंड्री के भीतर अवैध रूप से गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर 11 नग हरे गांजा के पौधे जब्त किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम नौगई सेकण्ड निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर के बाड़े में अवैध रूप से गांजा के पौधे लगा रखे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर मौके के लिए रवाना की।
8.200 किग्रा गांजा पौधे बरामद, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस टीम ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के सभी वैधानिक नियमों का पालन करते हुए संदेही के घर के पीछे स्थित बाउंड्री परिसर में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से गांजा के 11 नग हरे पौधे बरामद किए गए। तौल कराने पर पौधों का कुल वजन 8 किलो 200 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से गांजा पौधों को जब्त करते हुए आरोपी रज्जू उर्फ राजेश्वर केवट (37 वर्ष), पिता अभिलाष उर्फ बनवारी केवट, निवासी नौगई सेकण्ड, थाना चितरंगी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना चितरंगी में अपराध क्रमांक 441/2026, धारा 8/20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विशेष न्यायालय में पेश किया गया।
उक्त त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी, उपनिरीक्षक उग्रभान वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक सतीश दीक्षित, आरक्षक मुकेश पाण्डेय एवं महिला आरक्षक उमा शुक्ला की उल्लेखनीय व सराहनीय भूमिका रही।




Leave a Reply