रिलायंस के एस डैम और अडानी से जुड़े कोयला परिवहन को लेकर उठाए सवाल, बोले- कंपनी चलेगी, मनमानी नहीं
सिंगरौली -: जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता शत्रुवीर साह के नेतृत्व में ग्रामीणों की मांगों को लेकर चल रहे जल सत्याग्रह में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान भी शामिल हुए। उनके साथ सेवादल अध्यक्ष रूपेश पांडे भी मौजूद रहे। चौहान ने कहा कि यह केवल जल सत्याग्रह नहीं, बल्कि सिंगरौली के ग्रामीणों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कंपनियों के संचालन के बीच आम नागरिकों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। चौहान ने कहा कि विकास के लिए कंपनियों को अधिकार दिए गए हैं तो ग्रामीणों की जमीन, फसल, जीवन और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
रिलायंस कंपनी के एस डैम से जुड़ी पूर्व दुर्घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के अनुसार इस बरसात में दोबारा डैम से राखड़युक्त पानी खेतों में पहुंचने और फसलों को नुकसान होने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
चौहान ने अडानी से जुड़े कोयला परिवहन के दौरान सड़क दुर्घटनाओं और मौतों को लेकर भी ग्रामीणों की चिंताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह किसी एक दल की लड़ाई नहीं, बल्कि जनता के जीवन और अधिकारों का सवाल है।
उन्होंने चेतावनी दी कि ग्रामीणों की मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी। चौहान ने कहा, “सिंगरौली में कंपनी चलेगी, लेकिन कंपनी की मनमानी नहीं चलेगी।”




Leave a Reply