Menu

विंध्यनगर में जानलेवा हमला करने वाले 24 घंटे में गिरफ्तार: एक आरोपी जेल भेजा गया, 2 नाबालिग बाल सुधार गृह रीवा दाखिल

Ad

फुल्की खाकर घर लौट रहे युवक पर पुरानी रंजिश में चाकू व डंडे से किया था हमला

सिंगरौली -: विंध्यनगर थाना क्षेत्र के तेलगवा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल दो विधि विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह रीवा भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, फरियादी सलमान खान (30 वर्ष, निवासी ग्राम तेलगवा बरसाती मोहल्ला) ने 6 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई जावेद खान शाम करीब 7:30 बजे कोटा के पास से फुल्की खाकर पैदल घर लौट रहा था। तभी रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर शंकर केवट, सूरज सिंह और उनके दो अन्य साथियों ने उसे घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने लात-घूंसे और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक नाबालिग साथी ने जावेद के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर विंध्यनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 435/2026 दर्ज कर हत्या के प्रयास की धाराओं में विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर 24 घंटे के भीतर एक आरोपी सूरज सिंह पिता शंकर सिंह (निवासी तेलगवा) और दो नाबालिगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त कर लिया गया, जबकि आरोपियों ने चाकू को केनाल में फेंकना बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सूरज सिंह को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया और दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह रीवा दाखिल कराया गया।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक अर्चना द्विवेदी, उनि उदयचंद करिहार, सउनि रमेश प्रजापति, प्र.आर. पंकज सिंह, विजय खरे, आरक्षक भोला लोधी एवं रूपेश कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *