Menu

हर्रहवा विस्थापितों के जल सत्याग्रह को कांग्रेस का समर्थन

Ad

मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी, प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से निराकरण की मांग

सिंगरौली -:  रिलायंस पावर परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित ग्राम हर्रहवा के परिवारों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे जल सत्याग्रह को कांग्रेस नेताओं ने समर्थन दिया। जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता संदीप शाह के नेतृत्व में जारी आंदोलन में कांग्रेस नेताओं ने पहुंचकर विस्थापित परिवारों की मांगों का समर्थन किया।
जल सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से आंदोलनरत ग्रामीणों की मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर सिंगरौली के अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान और कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष रूपेश चंद्र पाण्डेय भी आंदोलन के समर्थन में पहुंचे। प्रवीण सिंह चौहान ने प्रशासन एवं कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर ग्रामीणों की समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग रखी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की समस्याओं और उनके अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित परिवारों की मांगों के समर्थन में कांग्रेस और सेवादल उनके साथ खड़े हैं।
इस दौरान संदीप शाह, प्रवीण सिंह चौहान और रूपेश चंद्र पाण्डेय ने आंदोलनरत ग्रामीणों से चर्चा कर उनका समर्थन किया। जल सत्याग्रह में प्रभावित ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं की मौजूदगी रही। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *