Menu

बैढ़न में यातायात व्यवस्था सुधारने संयुक्त कार्रवाई

Ad

नगर निगम और यातायात पुलिस की टीम ने सराफा बाजार, काली माता मंदिर रोड व सब्जी मार्केट में हटाया अतिक्रमण

सिंगरौली। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्रों में कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में टीम ने सराफा बाजार, काली माता मंदिर रोड और सब्जी मार्केट क्षेत्र का भ्रमण किया।

कार्रवाई के दौरान सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित तरीके से लगाए गए ठेले, दुकानों और अन्य अस्थायी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित कराया गया। इनकी वजह से सड़क का मार्ग संकरा होने और यातायात बाधित होने की स्थिति बन रही थी। टीम ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने तथा सड़क के आवागमन वाले हिस्से को खाली रखने की समझाइश दी।

सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को भी सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश दी। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने के निर्देश दिए गए, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात सुचारु बना रहे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बाजार क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर यातायात व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। व्यापारियों, ठेला संचालकों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थानों का उपयोग करें और सड़क को आवागमन के लिए खुला रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *