Menu

शासकीय आवास में चल रहा था साई डायग्नोस्टिक सेंटर, प्रशासन ने किया सील

Ad

देवसर में एसडीएम के औचक निरीक्षण में खुलासा, वैध अनुमति और दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई; संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी करने की तैयारी

सिंगरौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर परिसर के पीछे स्थित शासकीय रेजिडेंशियल क्वार्टर में नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे साई डायग्नोस्टिक सेंटर को प्रशासन ने आगामी आदेश तक सील कर दिया है। एसडीएम देवसर सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम के औचक निरीक्षण के दौरान सेंटर का संचालन शासकीय आवास में पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, एसडीएम को शासकीय रेजिडेंशियल क्वार्टर में निजी लैब संचालित किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि चिकित्सक डॉ. आनंद कुमार गुप्ता के शासकीय आवास में ग्राम जोगीनी निवासी रामलौटन बैस द्वारा साई डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन किया जा रहा था। प्रशासन के अनुसार, मौके पर सेंटर संचालन से संबंधित आवश्यक वैध अनुमति और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।

एसडीएम ने सेंटर संचालक को तीन कार्य दिवस के भीतर संचालन की अनुमति सहित सभी आवश्यक दस्तावेज उपखंड कार्यालय देवसर में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, एसडीएम के प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित चिकित्सक डॉ. आनंद कुमार गुप्ता के विरुद्ध भी नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने सेंटर के पूरे परिसर को आगामी आदेश तक सील कर दिया है। सील परिसर का सुपुर्दगी प्रभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एल. सिंह को सौंपा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भवन और संसाधनों के अनधिकृत उपयोग के मामले में संबंधित डॉक्टर और सेंटर संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *