चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास, क्विड कार की डिग्गी से 2 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद; 5.30 लाख रुपए का मशरूका जब्त
सिंगरौली। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरई पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलो 65 ग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त रेनाल्ड क्विड कार समेत कुल 5 लाख 30 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में 3 सितंबर की रात जन्माष्टमी पर्व को लेकर पुलिस टीम वाहन चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम झारा की ओर से आ रही ग्रे रंग की क्विड कार क्रमांक CG 12 AQ 8157 के चालक ने पुलिस को देखकर अचानक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 2 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कार में सवार अरविंद उर्फ सिब्बू सेन (27), निवासी सोहागपुर, शहडोल और रामसजीवन साहू (43), निवासी बंजारी, सरई को गिरफ्तार किया गया।
दोनों के खिलाफ थाना सरई में अपराध क्रमांक 711/2026, धारा 8/20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार रामसजीवन साहू के खिलाफ सरई थाने में वर्ष 2017, 2018 और 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई में उपनिरीक्षक लालमणि साकेत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




Leave a Reply