स्वास्थ्य, कौशल और शिक्षा के क्षेत्र में 60 हजार करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता
नई दिल्ली -: एवीपीएन ग्लोबल कॉन्फ्रेंस 2026 में अदाणी फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. प्रीति अदाणी ने कहा कि समाज में स्थायी बदलाव लाने के लिए समुदायों को सशक्त बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक चुनौतियां लगातार जटिल हो रही हैं, ऐसे में अनुभवों को साझा कर मजबूत साझेदारी के माध्यम से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
भारत मंडपम में आयोजित स्वागत समारोह में करीब 2 हजार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एवीपीएन एशिया का प्रमुख सामाजिक प्रभाव मंच है, जिसमें 43 देशों के 700 से अधिक प्रतिनिधि सामाजिक विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। इसकी 13वीं वैश्विक कॉन्फ्रेंस पहली बार भारत में आयोजित की जा रही है।
डॉ. प्रीति अदाणी ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन की तीन दशक की यात्रा ने यह सिखाया है कि वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है, जब लोगों को अपने भविष्य के निर्माण के लिए सक्षम बनाया जाए।
अदाणी फाउंडेशन ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में कार्य करते हुए 22 राज्यों के 7 हजार 200 से अधिक गांवों तक अपनी पहुंच बनाई है। इससे 1.3 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास और उच्च शिक्षा के लिए 60 हजार करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता जताई गई है। इसमें आधुनिक अस्पताल, शोध केंद्र, मेडिकल कॉलेज, कौशल प्रशिक्षण और शिक्षा से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में देश की प्रगति का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति और समुदाय को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना होना चाहिए।




Leave a Reply