क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों की तत्काल मरम्मत के साथ स्थायी समाधान पर जोर
सिंगरौली -: विन्ध्यनगर-तेलगवां-शक्तिनगर सड़क मार्ग पर जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या को लेकर कलेक्टर गौरव बैनल ने गंभीरता दिखाई है। आम नागरिकों को हो रही आवागमन की परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने एनटीपीसी विंध्यनगर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर जमा पानी की निकासी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों का शीघ्र मरम्मत कार्य कराकर आवागमन को सुचारु बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का केवल अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में एनटीपीसी अधिकारियों ने बताया कि सड़क की जल निकासी व्यवस्था और सुधार कार्य के लिए पूर्व में निविदा प्रक्रिया की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से निविदा निरस्त हो गई थी। अब पुनः निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक नागरिकों की सुविधा के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने तीन दिवस के भीतर सड़क पर जलभराव की समस्या दूर करने और आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री और नगर निगम अधिकारियों को भी मौके का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। साथ ही एनटीपीसी द्वारा किए जा रहे जल निकासी और सड़क सुधार कार्यों की प्रगति से अवगत कराने को कहा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सड़क और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।




Leave a Reply