सिंगरौली -: जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम परमा में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका सकीना बेगम पत्नी इद्रीश मोहम्मद की मौत को लेकर मायके पक्ष ने संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की मां अनीसा बेगम पति मुस्ताक अहमद, निवासी ग्राम पुरवा जागीर ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सकीना की शादी 30 अप्रैल 2025 को ग्राम परमा निवासी इद्रीश मोहम्मद से हुई थी। उनकी बेटी की करीब दो माह की एक बच्ची भी है।
शिकायत के मुताबिक, 25 अगस्त को सुबह करीब 10:30 बजे अनीसा बेगम ने दामाद के मोबाइल से बेटी सकीना से बातचीत की थी। बातचीत के दौरान बेटी ने सब कुछ सामान्य बताया था। इसके करीब आधे घंटे बाद सुबह 11 बजे दामाद इद्रीश ने फोन कर सकीना की मौत की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग दोपहर करीब 1 बजे ग्राम परमा पहुंचे, जहां सकीना मृत अवस्था में मिली। मृतका की मां का कहना है कि बेटी को किसी प्रकार की बीमारी नहीं थी, ऐसे में अचानक हुई मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि मृतका की नाक से लाल रंग का पदार्थ निकल रहा था, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
मायके पक्ष ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
ससुराल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका




Leave a Reply