Menu

वीबी जी राम जी योजना बनेगी विकसित भारत की नींव : विश्वामित्र पाठक

Ad

सिहावल में जनपद स्तरीय पंच सम्मेलन, पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भागीदारी की अपील

सिंगरौली -:  विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन अधिनियम (वीबी जी राम जी योजना) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अमिलिया में जनपद स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों को योजना के उद्देश्यों, प्रावधानों और क्रियान्वयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ। जनपद पंचायत सिहावल के सीईओ रोहित उपाध्याय ने पंच, सरपंच एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को योजना के प्रावधानों से अवगत कराया।

विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के साथ अधोसंरचना विकास को गति देगी। जल संरक्षण, स्वच्छता, आवास निर्माण और आजीविका मिशन सहित विभिन्न कार्यों से गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास होगा। उन्होंने बताया कि पूर्व की मनरेगा व्यवस्था में 100 दिन के रोजगार के मुकाबले नई योजना में 125 दिन के रोजगार का प्रावधान है। पात्र व्यक्ति को काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा।

विधायक ने कहा कि योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की आधारशिला बनेगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से योजना की जानकारी लेकर पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
सम्मेलन में जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ गौतम अमिलिया, जयशंकर द्विवेदी सोनवर्षा, विमलेश रावत सिहावल, गजराज सिंह, कपूर चंद्र साहू, एसडीओ श्रवण चतुर्वेदी, बीपीओ कामता तिवारी, आजीविका मिशन से राहुल शुक्ला सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच, पंच, सचिव एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *