आवागमन प्रभावित, जल्द मरम्मत कर रास्ता बहाल करने के अधिकारियों को दिए निर्देश
सिंगरौली। गत रात हुई तेज बारिश के कारण देवसर विधानसभा क्षेत्र के खटखरी उत्तर टोला में बलिया पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र में आवागमन बाधित हो गया। पुल को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।

विधायक मेश्राम ने तहसीलदार प्रीति सिकरवार के साथ मौके का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त पुल की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्या का जल्द से जल्द निराकरण कर प्रभावित मार्ग पर आवागमन सुचारु कराया जाए। बारिश के कारण लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान खुटार मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार शाह, अनुप पांडे, पटवारी रामकृष्ण शुक्ला सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति और आवागमन में आ रही परेशानियों से विधायक को अवगत कराया।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मार्गों और पुल-पुलियों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।




Leave a Reply