सिंगरौली। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को चितरंगी जनपद के दूरस्थ क्षेत्र बगदरा में जिले के तीसरे जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनके निराकरण की कार्यवाही की गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जन विश्वास शिविर आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुन रहे हैं। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है।
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से प्राप्त आवेदनों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवेदक को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करें तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ें। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले को शिकायतों से मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करें।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जन विश्वास शिविर के अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
शिविर में जनपद सदस्य सुषमा सिंह, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चन्द्रवंशी, उपायुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा, उप संचालक कृषि मनोज सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला, महिला एवं बाल विकास अधिकारी जीतेन्द्र गुप्ता, जनपद पंचायत चितरंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मान सिंह सैयाम सहित जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




Leave a Reply