Menu

जेम्स बेकरी स्टोर पर छापा, 3200 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त

Ad

एसडीएम के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, जांच रिपोर्ट के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

सिंगरौली -: कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी और राजस्व निरीक्षक बैढ़न की संयुक्त टीम ने माजनखुर्द स्थित जेम्स डिपार्टमेंटल एवं बेकरी स्टोर पर औचक छापामार कार्रवाई की।

प्रशासन को स्टोर में अमानक खाद्य पदार्थों के भंडारण की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर स्टोर में रखी खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान बड़ी मात्रा में मिठाई का भंडारण पाया गया, जिसे वाराणसी से मंगाया जाना बताया गया।

जांच के दौरान मिठाइयों की निर्माण तिथि और गुणवत्ता को लेकर संदेह सामने आया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नियमानुसार मिठाइयों के सैंपल लिए। टीम ने मौके पर मौजूद करीब 3200 किलोग्राम मिठाई जब्त कर पंचनामा तैयार किया और जब्त सामग्री को स्टोर संचालक की सुपुर्दगी में दे दिया।

प्रशासन ने संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी होने तक सुपुर्द की गई मिठाई को न तो बाजार में बिक्री के लिए भेजा जाए और न ही उसे नष्ट किया जाए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता और मानकों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित स्टोर संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad